
उदित वाणी, रांची : केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने घोषणा की है कि महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) पारित होने में बाधा डालने के विरोध में शनिवार को राजधानी रांची में ऐतिहासिक ‘महिला आक्रोश मार्च’ निकाला जाएगा. उन्होंने कहा कि यह मार्च किसी विशेष दल का नहीं बल्कि पूरी आधी आबादी का कार्यक्रम है, जो स्वतः स्फूर्त तरीके से आयोजित हो रहा है.
मोराबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक आक्रोश मार्च
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार सुबह 10 बजे से रांची के मोराबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा और आक्रोश मार्च निकाला जाएगा. इस आंदोलन में हजारों की संख्या में महिलाएं शामिल होकर अपना दमखम दिखाएंगी. केंद्रीय मंत्री ने सभी महिलाओं, चाहे वे किसी भी दल या सामाजिक संगठन से जुड़ी हों, उनसे अपने अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की है.
विपक्ष का महिला विरोधी चेहरा हुआ उजागर
अन्नपूर्णा देवी ने झामुमो, कांग्रेस और राजद पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इंडी गठबंधन का महिला विरोधी चेहरा अब देश के सामने है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की पुरानी मंशा रही है कि महिलाओं को कभी आरक्षण न मिले. इन्हीं दलों के नापाक मंसूबों के कारण संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं हो पाया, जिससे देशभर की महिलाओं में भारी रोष व्याप्त है.
अपमान का बदला लेगी झारखंड की नारी शक्ति
केंद्रीय मंत्री ने चेतावनी दी कि महिलाओं के अधिकारों पर वार करने वाले विपक्षी दलों को नारी शक्ति सबक सिखाएगी. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आधी आबादी को अधिकार देने का सुनहरा मौका दिया था, लेकिन विपक्ष ने उस पर पानी फेर दिया. अब महिलाएं चुप नहीं बैठेंगी और जरूरत पड़ने पर इन विपक्षी नेताओं को खदेड़ने का काम भी करेंगी. इस अपमान का बदला झारखंड की बेटियां और बहनें हर हाल में लेकर रहेंगी.
