
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई क्षेत्र में बीती रात हुई तेज बारिश के कारण आर.पी. पटेल स्कूल के रास्ते पर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड संख्या 18 के पार्षद अनिल मोदी तत्काल मौके पर पहुंचे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया. सबसे पहले विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया गया.
इसके बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से गिरे हुए पेड़ को हटाने का आग्रह किया गया. भारी बारिश के कारण रात में पेड़ हटाना संभव नहीं था, इसलिए राहत कार्य सुबह से प्रारंभ किया गया.
सुबह नगर परिषद के कर्मचारियों ने पेड़ को टुकड़ों में काटकर मार्ग को पूरी तरह साफ किया और आवागमन सुचारू कर दिया. इस दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष अर्चना दुबे ने भी अधिकारियों से बातचीत कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की.
घटना स्थल पर पार्षद अनिल मोदी, बड़े लाल दुबे, जुगसलाई विधायक प्रतिनिधि मुकेश शर्मा, रवि शंकर तिवारी, मोनू तिवारी, सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना), सुमन दुबे सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे और राहत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई.
अनिल मोदी ने कहा कि आपदा की इस स्थिति में नगर परिषद की व्यवस्थागत कमियां सामने आई हैं. उन्होंने कहा कि परिषद में मैनपावर और संसाधनों की कमी स्पष्ट है. आगामी बोर्ड बैठक में इस विषय को उठाकर नगर परिषद को संसाधनों से सशक्त बनाने और मैनपावर बढ़ाने की मांग की जाएगी.

