उदित वाणी, चाईबासा: 1 मार्च 2025 को ईचागढ़ के बोड़ामटांड़ में आयोजित होने वाले प्रमंडल स्तरीय कोल्हान कांग्रेस समागम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को चांडिल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की, जिसमें पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए.
संगठन को सशक्त करने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक में लिए गए निर्णय के तहत कोल्हान कांग्रेस समागम का आयोजन किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूती प्रदान करना और अधिक सशक्त बनाना है. उन्होंने कहा कि यह समागम ऐतिहासिक होगा, जिसमें झारखंड कांग्रेस के प्रभारी, सह प्रभारी, मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील
प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समागम की तैयारी में जुटने और इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक कांग्रेसियों की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि यह आयोजन प्रभावी और सफल हो सके.
वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष चंद्रशेखर दास, जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश महतो, जिला बीस सूत्री सदस्य त्रिशानु राय, कामगार कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सुरज मुखी, दानिश हुसैन, सुरेश प्रजापति, यशवीर चांपिया, शाहरुख अली, आनंद कारवा, बादल बेहरा, सपन गुच्छाईत, जितु बारिक सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।