उदित वाणी, रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई 6 अप्रैल को पार्टी का 47वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाएगी. इस अवसर पर राज्यभर में मंडल, पंचायत और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
प्रदेश स्तरीय टीम का गठन
स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा ने प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर योगेंद्र प्रताप सिंह को प्रदेश संयोजक बनाया गया है.
इसके साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव और किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अर्जुन सिंह को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जिला स्तर पर भी टीम बनाने के निर्देश
कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी जिलों में भी 1 संयोजक और 2 सह संयोजक (1+2) की टीम गठित करने का निर्देश दिया गया है.
तीन दिनों तक चलेंगे कार्यक्रम
प्रदेश संयोजक योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर 5, 6 और 7 अप्रैल को पार्टी कार्यालयों को सजाया जाएगा. 6 अप्रैल को सभी कार्यालयों में पार्टी का ध्वजारोहण किया जाएगा और कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विकास यात्रा पर चर्चा के साथ मिष्ठान वितरण किया जाएगा.
कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराने और सोशल मीडिया पर इसका प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है.
बूथ और जिला स्तर पर होंगे आयोजन
6 या 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्य एकत्रित होकर स्थापना दिवस मनाएंगे. वहीं 8 या 9 अप्रैल को प्रत्येक जिले में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और जनसमर्थन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.
‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ का आयोजन
7 अप्रैल से 12 अप्रैल के बीच ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा. इस अभियान के तहत जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में जाकर स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवियों से संपर्क और केंद्र व एनडीए सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे.
प्रधानमंत्री की उपलब्धियों का होगा प्रचार
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, सेवा भाव, अंत्योदय और विकासोन्मुख राजनीति जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी. पार्टी कार्यकर्ता गांव से लेकर शहर तक इन उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे.
भाजपा ने इस बार स्थापना दिवस को संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान के रूप में मनाने की तैयारी की है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक पार्टी की विचारधारा और योजनाओं को पहुंचाया जा सके.


