उदित वाणी, चाईबासा: चाईबासा शहर में मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरों के बीच लोगों में अफरातफरी मच गई। पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तेल की बिक्री के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किया पेट्रोल पंपों का निरीक्षण
मंगलवार सुबह चाईबासा एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो और सीडीपीओ बहामन टुटी, सीओ सदर उपेंद्र कुमार के साथ शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचे। अधिकारियों ने पंपों का बारीकी से निरीक्षण किया और पेट्रोल पंप मालिकों से बात की ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।
दोपहिया वाहनों के लिए ₹100 की सीमा तय, बोतल में तेल देने पर रोक
भीड़ और स्टॉक की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि:
किसी भी दोपहिया वाहन को 100 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।
पेट्रोल पंपों पर बोतल या डब्बे में तेल देने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
टैंकरों के आने में देरी से हुई समस्या: एसडीओ
एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर टैंकर गाड़ियों के समय पर न पहुँचने के कारण यह अस्थायी समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे घबराएँ नहीं (पैनिक न हों)। उन्होंने भरोसा दिलाया कि टैंकरों के पहुँचते ही समस्या का समाधान हो जाएगा और किसी को भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी।


