उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में 2 अगस्त की रात हुई शक्तिनाथ सिंह उर्फ डब्लू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह, मंटू सिंह सरदार उर्फ भूमिज, चरणजीत कुमार मोदक उर्फ काली, किशन नामता और महंती सिंह सरदार उर्फ छोटू शामिल हैं।शुक्रवार को इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि हत्या की वजह जमीन विवाद था। शक्तिनाथ सिंह का भाई अमरनाथ सिंह इलाके में वैध और अवैध जमीनों पर कब्जा करता था, लेकिन अमरनाथ की मौत के बाद शक्तिनाथ ने जमीनों पर अपना कब्जा जमा लिया। इसी जमीन को लेकर ईश्वर सिंह ने प्रति कट्ठा 50,000 रुपये की मांग की थी, जिसे शक्तिनाथ ने अस्वीकार कर दिया था। इसके बाद ईश्वर ने मंटू और अन्य आरोपियों को 10,000 रुपये प्रति कट्ठा देने की पेशकश की और साजिश के तहत शक्तिनाथ की हत्या करवा दी गई।
*पूर्व संबंध और विवाद*
एसएसपी ने बताया कि अमरनाथ और ईश्वर पहले जमीन के धंधे में साझेदार थे। अमरनाथ ने ईश्वर को कांग्रेस कार्यालय खोलने के लिए एक दुकान भी दी थी, लेकिन अमरनाथ की मौत के बाद शक्तिनाथ और ईश्वर के बीच उस दुकान को लेकर विवाद शुरू हो गया। घटना के दिन दोनों पक्षों में झड़प हुई थी, जिसके बाद मंटू ने अपने घर से हथियार लाकर शक्तिनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में और भी लोग शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द ही अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।
यह हत्याकांड इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, और पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से मामले में नया मोड़ आया है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।