
उदितवाणी, जमशेदपुर: मिड डे मिल को लेकर सरकारी स्कूलों में लंबे समय से विवाद चलता रहा है. बच्चों को मध्याह्न भोजन में अंडा देने को लेकर हमेशा से स्कूलों से शिकायत मिलती रही है.
इसी शिकायत पर परसुडीह इलाके में स्थित सोपोडेरा राजकीय मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापिका द्वारा छात्रों की पिटाई कर दी गई. सोमवार को मामला सामने आने के बाद विद्यार्थियों के परिजन स्कूल आ धमके और प्रधानाध्य्पिका को घेर लिया. स्कूल के बच्चों ने आरोप लगा है कि प्रधानाध्यापिका ने शनिवार को गुस्से में डंडे से बच्चों की पिटाई इसलिए कर दी, क्योंकि बच्चों ने पिछले दिनों डीसी के स्कूल निरीक्षण के दौरान शिकायत कर दी थी कि उन्हें मध्याह्न भोजन में अंडा हफ्ते में एक ही दिन दिया जाता है.
ठीक से पढ़ाई भी नहीं कराई जाती है. सोमवार को स्कूल के बच्चों ने इसकी शिकायत की। आरोप लगाया कि स्कूल की प्रधानाध्यापिका सरोज सोरेन ने मिड डे मिल का सच बताने के लिए बच्चों को बांस के डंडे से पीटा.
इससे कुछ बच्चों के हाथ व शरीर में निशान तक हो गया. इस बारे में जब प्रधानाध्यापिका सरोज सोरन से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने बात टाल दिया और बच्चों को पढ़ाने की बात कह जवाब देने से बचती रहीं. इस दौरान वह पिटाई की बात से इन्कार करती रहीं. गौरतलब हो कि इस स्कूल में करीब 150 विद्यार्थी पढ़ते हैं और पढ़ाने वाले मात्र 2 शिक्षक हैं.
बच्चों की पिटाई की घटना शनिवार की है. सोमवार को बच्चों के अभिभावक स्कूल खुलने पर इसकी शिकायत लेकर पहुंचे. स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा पायल ने बताया कि बीते दिनों डीसी स्कूल में निरीक्षण के लिए आई थी.
इससे पहले प्रिंसिपल सरोज ने सभी बच्चों को यह कहने को कहा कि उन्हे मिड डे मिल में दो दिन अंडे दिए जाते है. निरीक्षण के दौरान कुछ बच्चों ने डीसी को सच बताया कि उन्हे दो की जगह एक ही दिन अंडा मिलता है. इसके अलावा स्कूल में पढ़ाई भी नही होती है. स्कूल में दो टीचर है जो पढ़ने की बजाय मोबाइल देखती रहती हैं.
बच्चों ने बताया कि डीसी के जाने के बाद प्रदानाध्यापिका ने सभी बच्चों की बांस से पिटाई की. वहीं परिजनों ने बताया कि शनिवार को बच्चों को प्रिंसिपल द्वारा पीटा गया है. फिलहाल इस मामले की औपचारिक शिकायत शिक्षा विभाग तक नहीं पहुंची है, लेकिन मामले में जिला शिक्षा विभाग की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Advertisement
<

