
उदित वाणी, जमशेदपुर: जिले के सरकारी स्कूलों के शिक्षक शुक्रवार को काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे. इसका आह्वान अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने किया है. शिक्षकों ने अपनी चार सूत्री मांगों के समर्थन में इस आंदोलन का एलान किया है.
चार नवंबर के बाद पांच नवंबर को भी पूर्वी सिंहभूम समेत प्रदेश के सभी जिलों के प्राथमिक शिक्षक काला बिल्ला लगाकर शिक्षण कार्य करेंगे. चार सूत्री मांगों में बिहार राज्य की तर्ज पर झारखंड राज्य के शिक्षकों के लिए एमएसीपी की स्वीकृति देने, छठे वेतनमान में एक जनवरी 1996 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए न्यूनतम आरंभिक वेतन की विसंगतियों का निराकरण करते हुए इंट्री पे 16290 रुपये करने, इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर नियमों का सरलीकरण करते हुए गृह जिला स्थानांतरण करने, गैर शैक्षणिक कार्यों एवं रिपोर्टिंग के अत्यधिक दवाब से शिक्षकों को पूर्णतः मुक्त करने की मांग शामिल हैं.
