
उदित वाणी, जमशेदपुर: अरका जैन विश्वविद्यालय में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई. इसमें कुलपति प्रो. एसएस रजी, निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव, निदेशक (परिसर) डॉ. अंगद तिवारी, कुलसचिव जसबीर सिंह धंजल, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. उषा किरण बारला व डॉ. मनोज पाठक समेत सभी संकायाध्यक्ष, विभगाध्यक्ष, शिक्षक एवं अच्छी संख्या में विद्यार्थिओं ने ऑनलाइन जुड़कर इस महान सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस अवसर पर सरदार पटेल की जीवनी को प्रदर्शित करते हुए ई-एग्जीबिशन प्रदर्शित किया गया. कुलपति प्रो. एसएस रजी ने कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई में उनका महत्वपूर्ण योगदान था और उन्होंने सैकड़ों रजवाड़ों को एक किया था, जिसके कारण उन्हें भारत का लौह पुरुष भी कहा जाता है.
निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भारत के एकीकरण के पीछे लौह पुरुष सरदार पटेल की कूटनीति कारगर सिद्ध हुई, जिसके कारण आज भारत एक विशाल देश के स्वरूप में है.
इस मौके पर डॉ. मनोज पाठक ने विस्तार से सरदार पटेल के योगदानों को बताया और कहा कि सरदार पटेल की दूरदृष्टि और सफल नीतिगत फैसले भारत के उज्ज्वल भविष्य का द्योतक बना. डॉ. ज्योतिर्मय साहू, प्रो. राजकुमारी घोष व प्रो. उषा किरण बारला ने भी विचार रखे. प्रो. उषा किरण बारला ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया.

