
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील लिमिटेड ने बीएसई को दी गई सूचना में स्पष्ट किया है कि 3 जून 2026 को कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली विदेशी सहायक कंपनी टाटा स्टील यूके लिमिटेड के पोर्ट टालबॉट कोल्ड रोल्ड प्रोडक्ट्स में पिकल लाइन पर आग लग गई थी. कंपनी ने बताया कि आग लगने की घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ.
टाटा स्टील यूके के कर्मचारियों ने तुरंत आपातकालीन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया. स्थानीय आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने में मदद की. आग को और फैलने से रोकने के लिए प्रमुख सेवाओं को स्थानीय रूप से अलग कर दिया गया था. टाटा स्टील ने कहा कि टाटा स्टील यूके वर्तमान में आग के कारण, नुकसान की सीमा और संभावित वित्तीय/परिचालन प्रभाव का आकलन कर रही है.
कंपनी बीमा दावों के जरिए नुकसान की भरपाई करने की कोशिश करेगी. साथ ही, ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए वैकल्पिक उत्पादन सुविधाओं का उपयोग किया जा रहा है. टाटा स्टील ने आगे कहा कि यदि इस घटना से कंपनी के लिए कोई भौतिक (मैटेरियल) प्रभाव पड़ता है तो वह समय रहते आवश्यक खुलासे करेगी.

