
उदित वाणी, जमशेदपुर: समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. यह बैठक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 के तहत राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की नियुक्ति एवं उनके कार्यों की समीक्षा को लेकर बुलाई गई थी. इस बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध होना आवश्यक: डीसी
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलए-2 की नियुक्ति शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का अनुरोध किया.
नए पंजीकरण और त्रुटियों के निराकरण में बीएलए-2 की भूमिका महत्वपूर्ण
उपायुक्त ने बीएलए-2 के कार्यों और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में सूचना उपलब्ध कराने तथा सूची की त्रुटियों के निराकरण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्रवार राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 की अद्यतन स्थिति की व्यापक समीक्षा की गई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर अब तक बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं की गई है, वहां अविलंब नियुक्ति करने का प्रयास किया जाए और संबंधित सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को जरूर उपलब्ध कराई जाए.
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से होगा कार्य
उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने आगे कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी गतिविधियां समयबद्ध तरीके से संचालित की जाएंगी. उन्होंने भरोसा जताया कि राजनीतिक दलों की सक्रिय सहभागिता से मतदाता सूची को और अधिक सटीक, पारदर्शी एवं अद्यतन (अपडेटेड) बनाया जा सकेगा.

