
उदित वाणी, पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने चार नामों को मंजूरी दी है.
इनमें भोजपुरी फिल्म उद्योग के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह का नाम सबसे अधिक चर्चा में है. भाजपा ने इस बार राजनीतिक अनुभव और सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ-साथ लोकप्रिय चेहरों पर भी भरोसा जताया है.
भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया गया है. इस सूची को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने जारी किया.
उम्मीदवारों में शामिल पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत का एक बड़ा नाम हैं. उन्होंने अपनी गायकी और अभिनय के दम पर देशभर में करोड़ों प्रशंसकों के बीच खास पहचान बनाई है.
दूसरे उम्मीदवार डॉ. संजय मयूख भाजपा के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. वह वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं. साथ ही वह मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भी हैं. पार्टी ने उनके अनुभव और संगठनात्मक योगदान को देखते हुए एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है.
सूची में शामिल तीसरे उम्मीदवार अनिल कुमार ठाकुर नाई समाज से आते हैं और वर्तमान में बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और सामाजिक आधार को ध्यान में रखते हुए उन्हें मौका दिया गया है.
वहीं, चौथी उम्मीदवार शीला पंडित प्रजापति बिहार भाजपा की प्रमुख महिला नेता और सामाजिक कार्यकर्ता हैं. वह वर्तमान में बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एससीपीसीआर) की सदस्य के रूप में कार्यरत हैं. महिला सशक्तीकरण और सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें भी चुनावी मैदान में उतारा है.
भाजपा की यह सूची साफ संकेत देती है कि पार्टी ने बिहार विधान परिषद चुनाव में संगठन, सामाजिक संतुलन, महिला प्रतिनिधित्व और लोकप्रिय जनाधार वाले चेहरों को साथ लेकर चलने की रणनीति अपनाई है.
(आईएएनएस)

