
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआईएसएल ने पर्यावरण संरक्षण और टाटा ग्रुप के नेट जीरो 2045 विजन को मजबूती देते हुए विश्व पर्यावरण दिवस पर बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया. इस दौरान 1,000 पौधे रोपे गए तथा 800 से अधिक पौधे सामाजिक संगठनों और टाटा समूह की कंपनियों को वितरित किए गए.
अभियान का मुख्य कार्यक्रम सीआरएम बारा डंप में आयोजित हुआ, जो पहले नगरपालिका का कूड़ा डंपिंग साइट था और अब 11 एकड़ में फैला 30 मीटर ऊंचा हरा-भरा क्षेत्र बन चुका है. यहां पहले से 28,000 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जिसे 50,000 से ज्यादा करने की योजना है. इस अवसर पर डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर शबा आलम अंसारी, टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में 500 अतिरिक्त पौधे रोपे गए.
इसके अलावा, सरायकेला-खरसावां में ई-बिलिंग पहल के तहत 250 पौधे लगाए गए, जहां डिप्टी कमिश्नर नीतीश कुमार सिंह मौजूद रहे. कॉम्बी मिल्स और बर्मामाइंस के दुर्गा पूजा मैदान में भी स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया.
विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर कीनन स्टेडियम में 40 पौधे लगाए गए, जिसमें झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी जितेंद्र प्रसाद सिंह शामिल हुए. रोपे गए पौधों में बकुल, करंज, नीम, महोगनी, सागवान और बांस जैसी प्रजातियां शामिल हैं. ये सदाबहार प्रजातियां उच्च कार्बन संग्रहण क्षमता, मिट्टी बांधने और जैव विविधता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.

