उदित वाणी, कपाली : कपाली ओपी क्षेत्र के डैमडूबी अंसार नगर स्थित फॉरेस्ट एरिया में मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जंगल के भीतर एक गड्ढे में जला हुआ शव मिलने की सूचना सामने आई। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की नजर जंगल क्षेत्र में बने एक गड्ढे पर पड़ी, जहां एक जला हुआ शव पड़ा था। मामला गंभीर देख लोगों ने तत्काल कपाली ओपी पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
इधर, शव मिलने की सूचना के बाद इलाके के रहने वाले मुस्तकीन उर्फ “मुस्तकीन चप्पल वाला” के परिजन भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि मुस्तकीन पिछले कई दिनों से लापता हैं। परिजनों ने आशंका जताई कि बरामद शव उनके परिवार के सदस्य का हो सकता है। हालांकि, शव पूरी तरह जला होने के कारण पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद डैमडूबी और आसपास के इलाकों में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की असल तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन में जुटी है।


