उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित महावीर कॉलोनी के इंटरनेशनल स्कूल गली में रविवार देर शाम बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला से पर्स छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता की शिकायत पर मानगो थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ छिनतई का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित जेकेएस सोसायटी निवासी गीता पंडित रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे इंटरनेशनल स्कूल गली से होकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने उनके हाथ से पर्स झपट लिया। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला संभल भी नहीं पाई। पर्स छीनने के बाद दोनों बदमाश मौके से तेजी से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। पीड़िता ने बताया कि पर्स में नकदी, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान रखा हुआ था।
इधर, सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

