उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराद्वारी स्थित एक ईईजी सेंटर में स्वास्थ्य जांच के दौरान युवती के साथ कथित तौर पर अशोभनीय हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सेंटर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मामले को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार 20 मई की दोपहर युवती जांच कराने सेंटर पहुंची थी। आरोप है कि जांच के दौरान सेंटर में कार्यरत आयुष कुमार ने उसे कमरे में ले जाकर गलत हरकत करने की कोशिश की। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया। हालांकि युवती ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और घटना की जानकारी अपने परिवार वालों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन सेंटर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। घटना की खबर फैलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
युवती की शिकायत के आधार पर सीतारामडेरा थाना में आरोपी आयुष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


