उदित वाणी चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जादू टोना करने के शक में 55 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई.पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान बाईबेड़ा गांव निवासी चांदू पुर्ती के रूप में हुई है.आरोप है कि महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में खाई में फेंक दिया गया.
घटना की जानकारी तब सामने आई जब मंगलवार को जंगल की ओर से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ.इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलने पर सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल में खोजबीन के दौरान मृतका का शव बरामद किया.शव उसके घर से करीब 200 मीटर दूर खाई में पड़ा मिला.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बुधावर को पनसुआं गांव निवासी 26 वर्षीय प्रेमजीत बानरा को गिरफ्तार किया.पूछताछ में आरोपी ने हत्या में शामिल तीन अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं.पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार थी और ठीक नहीं हो रही थी.इसी वजह से उसे महिला पर जादू-टोना होने का करने का शक हुआ.इसके बाद अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना रविवार शाम की बताई जा रही है.हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जंगल में फेंक दिया था. सोनुवा थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है.पुलिस हत्या के पीछे की पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.साथ ही मृतका के परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है.


