उदित वाणी, जमशेदपुर: समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को व्यक्तिगत रूप से सुना. उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निपटारा नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए.
दिव्यांग ममता कुमारी के लिए ‘मसीहा’ बने उपायुक्त
जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान एक भावुक पल तब आया जब कदमा के शास्त्रीनगर की निवासी ममता कुमारी ने अपनी शारीरिक अक्षमता का हवाला देते हुए ई-ट्राई साइकिल के लिए अनुरोध किया. उपायुक्त ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल विभागीय पदाधिकारियों को प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया. कुछ ही देर में ममता कुमारी को ई-ट्राई साइकिल प्रदान की गई, जिसके बाद उन्होंने और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया.

इन प्रमुख समस्याओं पर प्राप्त हुए आवेदन
जनता दरबार में जिले के अलग-अलग कोनों से पहुंचे लोगों ने कई गंभीर और सामाजिक मुद्दों पर आवेदन सौंपे, जिनमें प्रमुख हैं:
शिक्षा एवं छात्रवृत्ति: निजी स्कूलों में BPL कोटा के तहत नामांकन, फीस माफी और ST/SC/OBC छात्रवृत्ति मामले.
जमीन एवं निर्माण: जमीन को कब्जा मुक्त कराना, बिल्डर के विरुद्ध शिकायत और सड़क निर्माण में बाधा.
सरकारी योजनाएं: मंईयां सम्मान योजना, केसीसी ऋण (KCC Loan), वृद्धा पेंशन, राशन कार्ड और आवास योजना.
कानूनी एवं सामाजिक: अवैध मिनी बस संचालन, फ्लैट/दुकान पर अवैध कब्जा और मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना का लाभ.
त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता: उपायुक्त
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा, “आमजन की समस्याओं का संवेदनशील और प्रभावी निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.” उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जांच के बाद पात्र आवेदकों को समय पर लाभ पहुंचाया जाए.


