उदित वाणी, नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का 51वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच शुक्रवार की शाम 7:30 से अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. दिल्ली के लिए यह मैच करो या मरो वाला है. इस मैच में हार दिल्ली के लिए प्लेऑफ के रास्ते बंद कर देगी. वहीं केकेआर भी जीत के साथ प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए पूरा जोर लगाएगी. दोनों टीमों के बीच सीजन का यह पहला मुकाबला है.
दिल्ली कैपिटल्स ने सीजन की शुरुआत लगातार 2 जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद टीम के प्रदर्शन में बड़ी गिरावट आई है. पिछले 8 मैचों में डीसी 6 मैच हार चुकी है. डीसी अपने घर में भी नहीं जीत पा रही है. कुल 10 मैचों में 4 जीत के साथ डीसी अंकतालिका में सातवें स्थान पर है. एक और हार डीसी के लिए प्लेऑफ के दरवाजे बंद कर देगी. इसलिए डीसी को केकेआर के खिलाफ जीत के लिए अपने घरेलू मैदान पर सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलनी होगी.
डीसी के लिए कप्तान अक्षर पटेल का बल्लेबाजी और कुलदीप यादव का गेंदबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन सबसे बड़ी चिंता का कारण है. इन दोनों को केकेआर के खिलाफ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा.
केकेआर के लिए सीजन की शुरुआत बेहद खराब और निराशाजनक रही थी. टीम ने लगातार 5 मैच गंवाए थे और एक मैच बारिश की वजह से स्थगित हुआ था. टीम बेहद असंतुलित और कमजोर नजर आ रही थी. पिछले तीन मैचों में केकेआर के प्रदर्शन में सुधार हुआ है. केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपने पिछले तीनों मैच जीते हैं. डीसी के खिलाफ भी जीत का चौका लगाने के लिए केकेआर कमर कस कर तैयार है.
केकेआर ने पिछले तीन मैचों में अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में जबरदस्त सुधार किया है और ये डीसी के लिए चिंताजनक होगी. इस मैच में केकेआर के लिए वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन बेहद अहम हो सकते हैं.
डीसी और केकेआर के बीच मैच के दौरान नई दिल्ली में मौसम साफ रहने की उम्मीद है. तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और ह्यूमिडिटी 45 प्रतिशत रहने की उम्मीद है. बारिश की संभावना नहीं है.
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है, लेकिन सही लाइन लेंथ पर गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज यहां सफलता पा सकते हैं. ऐसा हम डीसी-आरसीबी और डीसी-सीएसके मैचों के दौरान देख चुके हैं. आरसीबी के जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने डीसी को 75 पर समेट दिया था, तो चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के लिए अकील हुसैन और नूर अहमद ने शानदार गेंदबाजी की थी. सीजन में यहां खेले गए पांच में से चार मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है. डीसी और केकेआर के बीच कुल 35 मैच खेले गए हैं. डीसी 15, जबकि केकेआर 19 मैचों में विजयी रही है. एक मैच का परिणाम नहीं आया है.


