उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान को गति दी जा रही है. इस क्रम में महापौर सुधा गुप्ता एवं उपमहापौर राहुल कुमार कश्यप ने अपने आवास पर स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की. इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त चंदन कुमार, जनगणना कार्य निदेशालय के दिलीप कुमार, वार्ड पार्षद अश्विनी कुमार और असिस्टेंट टाउन प्लानर कौशल जांगिड़ समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे.
विकास की आधारशिला है जनगणना: महापौर
महापौर सुधा गुप्ता ने नगरवासियों को संदेश देते हुए कहा कि जनगणना भविष्य की विकास योजनाओं के लिए एक मजबूत आधारशिला है. उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के तहत 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना का कार्य चल रहा है. इसके उपरांत 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर डेटा संग्रह करेंगे.
जनगणना-2027: स्व-गणना की चरणबद्ध प्रक्रिया
नागरिक अब अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे जानकारी दर्ज कर सकते हैं:
पंजीकरण: आधिकारिक वेबसाइट [https://se.census.gov.in](https://se.census.gov.in) पर जाकर झारखंड राज्य और क्षेत्र का चयन करें. कैप्चा भरकर परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें.
सत्यापन और लोकेशन: मोबाइल पर प्राप्त OTP के जरिए सत्यापन करें. अपने जिला, पिन कोड, वार्ड की जानकारी भरें और डिजिटल मैप पर घर की लोकेशन मार्क करें.
प्रश्नावली: परिवार और मुखिया से संबंधित विवरण भरें. ‘Preview’ में जांच करने के बाद “सबमिट” बटन दबाएं.
SE ID प्राप्ति: प्रक्रिया पूरी होने पर 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी. इसे संभाल कर रखें और प्रगणक के आने पर उन्हें दिखाएं.


