उदित वाणी , कपाली : कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग मामलों में लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे इन दोनों वारंटियों को छापेमारी कर दबोचा गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के अनुसार पहला मामला वर्ष 2017 का है। इस मामले में सनाउल्लाह अंसारी उर्फ बंगाली (करीब 40 वर्ष), निवासी अंसारनगर, डेमडुब्बी, लंबे समय से फरार था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा मामला वर्ष 2023 से संबंधित है, जिसमें पैसे के लेन-देन को लेकर रज़ी अहमद अंसारी, निवासी कपाली वार्ड संख्या 4, के खिलाफ वारंट जारी था। वह भी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर उसे भी पकड़ लिया।
दोनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, एएसआई अख्तर अंसारी और शस्त्रबल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने संकेत दिया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


