उदित वाणी झारखंड: चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी से जूझ रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल मंडल ने परिचालन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए व्यापक स्तर पर सुधार कार्य शुरू कर दिया है। बुधवार को विधायक सरयू राय से मुलाकात के दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने इस दिशा में हो रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
डीआरएम ने बताया कि मंडल में ट्रेनों की समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए ट्रैक, सिग्नल, प्वाइंट और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले कुछ दिनों में परिचालन प्रणाली के उन्नत होने के बाद ट्रेनों के अनावश्यक विलंब की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। साथ ही, उन्होंने ट्रेनों के लेट होने के पीछे के अन्य कारणों से भी विधायक को अवगत कराया।
इस मौके पर सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि विकास योजनाओं की जानकारी मिलने के बाद विधायक ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि ट्रेनों को जल्द से जल्द समय पर चलाकर यात्रियों को राहत दी जाए। गौरतलब है कि हाल ही में विधायक सरयू राय ने ट्रेनों की देरी को लेकर स्टेशन पोर्टिको में धरना दिया था और हस्ताक्षर अभियान चलाकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
रेल मंडल द्वारा चलाए जा रहे सुधार कार्यों के तहत कई स्थानों पर लूप लाइन बिछाने का काम तेजी से जारी है, जिससे ट्रायंगल सेक्शन पर पड़ने वाले दबाव को कम किया जा सके। इसके अलावा टाटानगर में चौथी लाइन के निर्माण के साथ-साथ सीनी, चाईबासा, गम्हरिया और चांडिल तक तीसरी एवं चौथी लाइन बिछाने की महत्वाकांक्षी योजना पर भी कार्य प्रगति पर है।
सूत्रों के अनुसार, डीआरएम तरुण हुरिया बुधवार शाम राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस से टाटानगर पहुंचे और वहां से नांदेड एक्सप्रेस के जरिए चक्रधरपुर लौट गए। हालांकि उनके द्वारा किसी स्टेशन निरीक्षण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।


