उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह में शुक्रवार दोपहर एक गंभीर हादसा सामने आया, जहां एक रिहायशी इमारत की लिफ्ट अचानक गिरने से 45 वर्षीय महिला रुकसाना बुरी तरह घायल हो गई। रुकसाना जुगसलाई की रहने वाली है और धातकीडीह स्थित हुसैन बिल्डिंग के एक फ्लैट में घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह शुक्रवार को भी वह काम पर पहुंची थी और लिफ्ट के जरिए ऊपर जा रही थी। इसी दौरान अचानक लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई और वह तेज आवाज के साथ नीचे गिर गई। धमाके जैसी आवाज सुनते ही बिल्डिंग के निवासी और आसपास के लोग मौके पर दौड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल रुकसाना को तत्काल बाहर निकाला गया और इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे सीसीयू में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस लिफ्ट की तकनीकी स्थिति, रखरखाव और संभावित लापरवाही के पहलुओं की पड़ताल कर रही है। बिल्डिंग प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

