उदित वाणी जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के एक आरपीएफ पदाधिकारी का व्हाट्सएप नंबर हैक कर साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। अपराधी अधिकारी के नाम से परिचित लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहे हैं। चक्रधरपुर मंडल के दो अधिकारियों को भी उक्त नंबर से संदिग्ध संदेश प्राप्त हुआ, जिसके बाद रेलवे महकमे में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही दक्षिण पूर्व जोन और रेलवे बोर्ड सक्रिय हो गया है। सभी मंडलों और स्टेशनों को संबंधित नंबर साझा कर अलर्ट जारी किया गया है, ताकि कोई भी कर्मचारी या आम व्यक्ति भावनात्मक अपील में आकर ठगी का शिकार न बने। राहत की बात यह है कि अब तक इस मामले में किसी के ठगे जाने की सूचना नहीं मिली है।
इधर, आरपीएफ की साइबर सेल इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की निगरानी की जा रही है, ताकि हैक किए गए नंबर को सुरक्षित कर पुनः उपयोग में लाया जा सके और आरोपियों की पहचान हो सके।
साइबर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाले संदेशों पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क करें या साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही, ओटीपी साझा करने और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई है।

