
उदित वाणी जमशेदपुर: जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मलिक ने उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपकर परसुडीह क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने बताया कि बागबेड़ा की तर्ज पर परसुडीह हलुदबनी, प्रमोथनगर, हरहरगुटुटु एवं करनडीह जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी JNAC द्वारा नियमित सफाई कराई जानी चाहिए। इन क्षेत्रों में लगभग 2 लाख की आबादी निवास करती है, जहां वर्तमान में कचरा निष्पादन एक गंभीर समस्या बनी हुई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहने से स्थानीय लोगों में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
पूर्णिमा मलिक ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इन क्षेत्रों में जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में समाजसेवी मानिक मल्लिक ने कहा कि “परसुडीह और आसपास के इलाकों में सफाई की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है। प्रशासन को अविलंब पहल करते हुए JNAC के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था लागू करनी चाहिए, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।”

