
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन की पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को चमरिया गेस्ट हाउस में आयोजित हुई. बैठक में प्रबंधन के साथ चल रही ग्रेड वार्ता की विस्तृत जानकारी सभी पदाधिकारियों को दी गई. यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने पिछले तीन ग्रेड रिवीजन में कर्मचारियों के एलाउंस और वेतन में हुई बढ़ोतरी के बारे में विस्तार से चर्चा की.
उन्होंने बताया कि टाटा स्टील के वर्कफोर्स में वर्तमान में एनएस ग्रेड के लगभग 7500 कर्मचारी और ओल्ड ग्रेड के करीब 3000 कर्मचारी कार्यरत हैं.अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि यूनियन की पूरी कोशिश है कि कर्मचारियों को बेहतर ग्रेड मिले. बैठक में सभी ऑफिस बेयरर्स ने सुझाव दिए और जोर देकर कहा कि कर्मचारियों के हित में बेहतर ग्रेड के लिए प्रबंधन पर दबाव बनाए रखना चाहिए.
पिछले ग्रेड रिवीजन की तुलना
अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2012 में ग्रेड रिवीजन 6 वर्ष के लिए हुआ था, जिसमें मिनिमम गारंटेड बेनिफिट (एमजीबी) 18.25 प्रतिशत मिला था, वहीं 2019 के ग्रेड रिवीजन में कार्यकाल को बढ़ाकर 7 वर्ष कर दिया गया, लेकिन एमजीबी घटकर 12.75 प्रतिशत रह गया.
इस बार प्रबंधन ने ग्रेड के कार्यकाल को 8 वर्ष करने का प्रस्ताव रखा है. ओल्ड ग्रेड के कर्मचारियों के लिए एमजीबी लगभग 7.5 प्रतिशत प्रस्तावित किया गया है, जबकि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के लिए प्रति पॉइंट डियरनेस अलाउंस (डीए) बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है.
यूनियन जल्द सौंपेगी प्रस्ताव
बैठक में यह फैसला लिया गया कि यूनियन जल्द ही प्रबंधन को अपना औपचारिक प्रस्ताव सौंपेगी. यूनियन की पूरी टीम कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए बेहतर से बेहतर ग्रेड हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है. मौके पर सभी ऑफिस बेयरर्स ने यूनियन के टॉप-थ्री (अध्यक्ष, महामंत्री एवं डिप्टी प्रेसिडेंट) को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया.
उन्होंने कहा कि सारे कमेटी सदस्य कर्मचारियों के साथ मिलकर बेहतर ग्रेड के लिए लगातार दबाव बनाए हुए हैं. बैठक में यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के अलावा महामंत्री सतीश कुमार सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, आमोद दूबे, संजय सिंह, संजीव तिवारी, श्याम बाबू और अजय चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

