
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे जंक्शन और चक्रधरपुर मंडल में ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी को लेकर रेल यात्री संघर्ष समिति ने आंदोलन को और तेज करने का बिगुल फूंक दिया है। शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में रेलवे की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए गए। समिति ने पूछा कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को घंटों रोककर मालगाड़ियों को रास्ता दिया जा रहा है?
डीआरएम से मांगा जाएगा जवाब, शुरू होगा हस्ताक्षर अभियान
समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह की अध्यक्षता और विधायक सरयू राय की विशेष उपस्थिति में हुए इस बैठक में तय किया गया कि जल्द ही एक शिष्टमंडल चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम (DRM) से मुलाकात कर मेमोरेंडम सौंपेगा। समिति यह जानना चाहती है कि ट्रेनों को रोकने का निर्णय डीआरएम का है या रेल महाप्रबंधक (GM) का। इसके साथ ही, टाटानगर, आदित्यपुर, कांड्रा, गम्हरिया, गोविंदपुर और सलवाजुड़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें यात्रियों से फीडबैक भी लिया जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी और रेलमंत्री के आदेशों की अवहेलना
बैठक के दौरान यह गंभीर सवाल उठाया गया कि जब रेलवे के पास पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है, तो मालगाड़ियों की इतनी भीड़ लगाने का आधार क्या है? वक्ताओं ने कहा कि एक तरफ रेलमंत्री यात्री सुविधाओं की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ चक्रधरपुर मंडल के अधिकारी उनके आदेशों की अवहेलना कर रहे हैं। ट्रेनों का घंटों लेट चलना यात्रियों के लिए भारी असुविधा का कारण बन रहा है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है।
10 दिनों के आंदोलन के बाद भी स्थिति जस की तस
समिति ने चर्चा की कि 10 दिनों तक चले धरना-प्रदर्शन के बावजूद टाटानगर जंक्शन से ट्रेनों के परिचालन में कोई सुधार नहीं हुआ है। यात्री लगातार सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से ट्रेनों की लेटलतीफी की शिकायत कर रहे हैं। अब समिति के कार्यकर्ता सीधे ट्रेनों के भीतर जाकर यात्रियों से संवाद करेंगे और इस आंदोलन को एक निर्णायक मोड़ पर ले जाएंगे।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति: इस महत्वपूर्ण बैठक में मुकेश मित्तल, सुबोध श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, अजय कुमार, सतीश कुमार सिंह, नीरज सिंह, कुलविंदर सिंह, अमित शर्मा, अमृता मिश्रा, उषा यादव, अजय गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, जीतेंद्र सिंह, आफताब अहमद सिद्दिकी, रवींद्र कुमार सिंह और अनिल प्रकाश सहित कई सदस्य मौजूद थे।

