
उदित वाणी, जमशेदपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड-17 अंतर्गत नगीनापुरी कॉलोनी निवासी निवासी दीपराज ठाकुर ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है. दीपराज का मुंबई के प्रसिद्ध टाटा मेमोरियल अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. परिजनों के अनुसार, दीपराज के उपचार में अब-तक लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं. परन्तु कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अब उपचार जारी रखना बेहद मुश्किल हो गया है. वर्तमान समय में डॉक्टरों की देखरेख में बच्चे को कीमोथेरेपी सहित आवश्यक उपचार दिया जा रहा है, और चिकित्सकों ने उपचार जारी रखने की सलाह दी है. परिवार की आर्थिक हालत इतनी मजबूत नहीं है कि वे लंबे समय तक इस महंगे उपचार का खर्च उठा सकें. ऐसे में पैसों की कमी उपचार में सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आ रही है. कैंसर पीड़ित के परिवार ने समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, सामाजिक संगठनों से भी आगे आकर सहयोग करने की गुहार लगाई है, ताकि समय पर उपचार जारी रह सके और मासूम दीपराज की जान बचाई जा सके.

