
जमशेदपुर : बीएनटीसी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस कॉलेज के तत्वावधान में वार्षिक कार्यक्रम सह छात्र-छात्राओं का शपथ ग्रहण समारोह कॉलेज परिसर में उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सिविल सर्जन डॉ. एसके झा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी पूरबी घोष, नेताजी सुभाष मंच के अध्यक्ष पीके नंदी तथा अमल संघ के अध्यक्ष सामंतो कुमार शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात कॉलेज की फाउंडर सुस्मिता सोम खां ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने झारखंड विधानसभा के प्रोटेम अध्यक्ष विशेश्वर खां की स्मृतियों को साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष रंग भरा। अस्मिता दास एवं उनके समूह, सौमि बोस एवं समूह ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं, वहीं ओइंद्री ग्रुप ने संगीत से वातावरण को सुरमय बना दिया। छात्र-छात्राओं ने बांग्ला, संथाली और पंजाबी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन सोमनाथ सरखेल ने संस्थान की उपलब्धियों और अब तक की यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने चिकित्सा सेवा में प्रवेश से पूर्व शपथ ग्रहण कर अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा व्यक्त की। कार्यक्रम के समापन पर कोलकाता से आए बैंड की प्रस्तुति ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया, जिससे पूरा परिसर ऊर्जा और उमंग से भर उठा। समारोह में एच. पी. खान, प्रतिमा घोष, शुभांगी सरखेल, मधुमिता बनर्जी, अपर्णा मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

