
पटमदा: राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में सोमवार को उच्च माध्यमिक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए जीवन रक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता करने के लिए तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को हृदय पुनर्जीवन प्रक्रिया (सीपीआर), घुटन की स्थिति में राहत देने के उपाय तथा सड़क दुर्घटनाओं के समय प्राथमिक उपचार प्रदान करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रस्तुति के साथ-साथ प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप सीखने का अवसर मिला।
इस अवसर पर टाटा मेन अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रभाल कुमार घोष ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने हृदय पुनर्जीवन की सही विधि और आपात स्थिति में त्वरित सहायता के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों से अभ्यास भी कराया, जिससे उनमें आत्मविश्वास विकसित हुआ।कार्यक्रम के सफल संचालन में शेखर राजक, संविदा महतो, प्रतिमा कुमारी, राकेश कुमार, माधव तांती और गोपाल दास ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं विद्यालय की जीव विज्ञान शिक्षिका श्रीमती डोली डे के साथ श्री सुबोध प्रसाद सिंह, श्री कौशलेंद्र कुमार सिंह एवं श्री राशिद भी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंदों की सहायता करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण केवल जानकारी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जरूरत पड़ने पर किसी के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

