
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र स्थित उलीडीह में हुए मारपीट और छिनतई मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मो. वसीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसके आधार पर अब उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले की प्राथमिकी 27 मार्च को दर्ज की गई थी। जवाहरनगर निवासी शेख फिरोज ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन और नगद राशि भी छीन ली थी।
इस कांड में मो. जैद, मो. तौफिक उर्फ चिकना बच्चा, सरफराज अली उर्फ दिलजले और मो. वसीम को नामजद आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद से ही वसीम फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। अंततः पुलिस ने उसे दबोचने में सफलता हासिल की। अब अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस अभियान तेज कर चुकी है।
