
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर स्थित ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ (दक्षिण पूर्व रेलवे) शाखा कार्यालय में आज महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का आयोजन ओबीसी संगठन द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सदस्यों ने भाग लिया.
समारोह के मुख्य अतिथि संगठन के महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि फुले ने देश के मूल निवासियों को वैज्ञानिक सोच और शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया. उन्होंने समाज को अंधविश्वास और आडंबर से मुक्त करने के लिए ‘सत्य शोधक समाज’ की स्थापना कर सामाजिक क्रांति की नींव रखी.
उन्होंने आगे कहा कि फुले की दूरदर्शिता और संघर्ष का ही परिणाम था कि डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महान व्यक्तित्व ने मानव अधिकारों की रक्षा करते हुए भारतीय संविधान का निर्माण किया, जिसने भारत को विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाया.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया. समारोह की अध्यक्षता शाखा सचिव मुंद्रिका प्रसाद ने की, जबकि संचालन संयुक्त सचिव आदर्श कुमार ने किया.
इस अवसर पर संजीव कुमार, सूरज कुमार, प्रहलाद कुमार, शैलेंद्र कुमार, भगवान साहू एवं पवन कुमार साह सहित कई सदस्य मौजूद रहे.

