
जमशेदपुर : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण इलाकों में टाटा पावर लिमिटेड द्वारा कथित रूप से की जा रही अनियंत्रित फ्लाई ऐश (Fly Ash) डंपिंग को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस गंभीर मामले को लेकर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खेती योग्य जमीन पर डंपिंग से बढ़ी परेशानी
विधायक ने अपने पत्र में बताया है कि कई गांवों में बिना निर्धारित मानकों और जरूरी अनुमति के खेती योग्य जमीनों पर फ्लाई ऐश डंप किया जा रहा है। इस अनियमितता से पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन हो रहा है और किसानों की जमीन की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे उनकी आजीविका संकट में है।
स्वास्थ्य पर पड़ रहा गंभीर असर
संजीव सरदार ने फ्लाई ऐश से उड़ने वाली धूल को मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक बताते हुए चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इससे सांस संबंधी बीमारियां, फेफड़ों की समस्याएं और अन्य स्वास्थ्य जोखिम बढ़ रहे हैं। साथ ही मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होने से कृषि उत्पादन में गिरावट आ रही है, जिससे ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक लगाने की मांग
विधायक ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांग की है कि फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग पर अविलंब रोक लगाई जाए और भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण संरक्षण और किसानों के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

