
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मानगो पुल के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को खबर मिली थी कि इलाके में एक युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाला है, जिसके बाद टीम ने त्वरित छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने महावीर बिरूली को मौके से पकड़ लिया, जबकि उसका साथी वसीम बच्चा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी महावीर बिरूली उलीडीह थाना क्षेत्र के एसबीसी फुटबॉल मैदान के पास का निवासी है, वहीं फरार वसीम बच्चा मानगो थाना क्षेत्र के आजाद बस्ती रोड नंबर 2 का रहने वाला बताया गया है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने महावीर के पास से 1.52 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने कुछ अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल महावीर बिरूली के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

