
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रीको इलाके में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बचा. यहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने रिहायशी इलाके में कहर बरपाते हुए एक टीस्को क्वार्टर की चहारदीवारी को जोरदार टक्कर मारी और अंदर जा घुसी.
जोरदार टक्कर से ढह गई दीवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (नंबर: JH05DR 3971) की गति इतनी अधिक थी कि चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्वार्टर की मजबूत दीवार ताश के पत्तों की तरह ढह गई. गनीमत यह रही कि उस वक्त दीवार के समीप कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ.
सीतारामडेरा थाना पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह हादसा केवल लापरवाही का नतीजा है या इसके पीछे तकनीकी खराबी या नशे जैसी कोई अन्य वजह है.
रिहायशी इलाकों में स्पीड कंट्रोल की मांग
इस घटना से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से एग्रीको जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों की गति पर लगाम लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण जान-माल का खतरा बना रहता है, जिसके लिए सख्त नियमों की आवश्यकता है.

