उदित वाणी, रांची : चर्चित रिम्स जमीन घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने अब सेवानिवृत्त तत्कालीन सीओ राजेश कुमार समेत अंचल निरीक्षक श्याम किशोर और राजस्व कर्मचारी मनोज कुमार के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए सरकार से अनुमति मांगी. इस मामले में फर्जी वंशावली के जरिये करोड़ों की जमीन के हेराफेरी का आरोप है.
एसीबी के अनुसार जैसे ही मामले में सरकार की अनुमति मिलेगी. उक्त पदाधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी. एसीबी की जांच में पाया गया है कि इन पदाधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेजों को सरकारी रिकॉर्ड में शामिल करने में मदद की थी. वहीं एसीबी ने स्पष्ट किया है कि मामले में जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कुछ अन्य रसूखदारों के नाम भी इस सिंडिकेट में सामने आ सकते हैं.
इधर इस घोटाले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार आरोपियों में एक नामी बिल्डर, फर्जी वंशावली तैयार करने वाले दो भाई और पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिये अवैध लेनदेन करने वाला एक व्यक्ति शामिल है. आरोपियों ने मिलकर रिम्स से सटी कीमती जमीन को फर्जी कागजात के सहारे अपना बताकर बेच दी गई थी.

