उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में दुकानदार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई है और पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. उनसे यह जानने की कोशिश हो रही है कि हमले में और कौन-कौन शामिल थे तथा विवाद की असली वजह क्या थी. जांच में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
घटना को लेकर देवनगर सीतारामडेरा निवासी अमरजीत शर्मा ने साकची थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि काशीडीह के कुछ लोग उनकी दुकान से सामान ले गए, लेकिन भुगतान नहीं किया. जब उन्होंने पैसे की मांग की तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया.
इस मामले में पुलिस ने आशीष दास, आदित्य तिम्बारिया, तापस दास, अंशु जायसवाल, सुनील दास, साजन गोदवाला, अमन दास उर्फ बहादुरवाला और राजीव कुमार बाउरी को नामजद आरोपी बनाया है. सभी आरोपी काशीडीह क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक अविनाश उरांव को सौंपी गई है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा.


