
उदित वाणी ,जमशेदपुर :शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुडलाडूंगरी स्थित बजरंग नगर में बुधवार को दिनदहाड़े हुई खूनी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। बेखौफ अपराधियों ने सरेआम एक युवक पर जानलेवा हमला कर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय आकाश सिंह को तीन हमलावरों ने अचानक घेर लिया और धारदार चापड़ से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बेहद आक्रामक थे और उन्होंने युवक को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। कुछ ही पलों में सड़क खून से लाल हो गई।
हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने युवक के पेट, सिर और पीठ पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल आकाश सिंह मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए, जबकि स्थानीय लोग सहमे नजर आए।
घायल युवक को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया गया, जहां उसे शाम करीब 4:31 बजे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और लगातार इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

