उदित वाणी, जमशेदपुर: आगामी 3, 4 एवं 5 अप्रैल 2026 को राजस्थान भवन, जमशेदपुर में आयोजित होने जा रही स्टील सिटी क्लासिक चैम्पियनशिप 2026 – सीजन 2 को लेकर सोमवार को एक भव्य प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. इस प्रतिष्ठित आयोजन के जरिए झारखंड में फिटनेस के प्रति जागरूकता और उत्साह को नई दिशा देने की तैयारी है. आयोजन प्रमुख सुदेशना रॉय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि फिटनेस को जन-आंदोलन का रूप देना है. उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता पहचानने, स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की.
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता को अधिक समावेशी और सुलभ बनाया गया है. किफायती प्रवेश शुल्क के माध्यम से हर वर्ग के खिलाड़ियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा, ताकि संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभा के मार्ग में बाधा न बने. प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक नगद पुरस्कार, भव्य ट्रॉफियां, पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे. साथ ही प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं आवास की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे वे पूरी तरह अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें. सुदेशना रॉय ने विश्वास जताया कि पूरे झारखंड से खिलाड़ियों की भागीदारी इस आयोजन को सफल बनाएगी और राज्य के फिटनेस स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी.
प्रेस वार्ता में संजीव महतो, निशा, प्रिया कुमारी, डॉली सिंह, गणेश कांड, अमन पाठक, आनंद कुमार, संजीत कुमार एवं अनंत लोहरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने आयोजन की सफलता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.


