
उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के एक अस्पताल में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर गायनिक (महिला) वार्ड में जबरन घुसने का प्रयास किया। वार्ड की सुरक्षा में तैनात जवान ने जब उसे अंदर जाने से रोका, तो युवक उलझ गया और हंगामा शुरू कर दिया।
फर्जी रौब: खुद को बताया IRB जवान, दी सस्पेंड करने की धमकी
हंगामे के दौरान युवक ने अपना रौब झाड़ते हुए खुद को IRB का जवान बताया। उसने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को वर्दी उतरवाने और सस्पेंड कराने की धमकी दी। युवक का दावा था कि वह पुलिस बल में है, इसलिए उसे कहीं भी आने-जाने की छूट है।
पहचान पत्र मांगते ही उतर गया सारा नशा
घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड इंचार्ज के निर्देश पर अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा। जब सुरक्षा कर्मियों ने कड़ाई से पूछताछ की और युवक से उसका पहचान पत्र मांगा, तो उसकी सारी हेकड़ी निकल गई। युवक बहाने बनाने लगा और अंत में उसने स्वीकार किया कि वह वर्तमान में IRB में कार्यरत नहीं है।
सख्त चेतावनी के बाद युवक ने मांगी लिखित माफी
पकड़े जाने के बाद युवक का रवैया पूरी तरह बदल गया और उसने अपनी गलती मानते हुए सुरक्षा कर्मियों से माफी मांग ली। सुरक्षा टीम ने स्पष्ट किया कि गायनिक वार्ड में डॉक्टर की अनुमति के बिना पुरुषों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। मामला बढ़ने पर युवक को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी दी गई और माफीनामा लिखवाने के बाद छोड़ दिया गया।

