उदित वाणी, धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले से एक वायरल वीडियो को लेकर पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक अन्य महिला पुलिसकर्मी के साथ भोजपुरी गाने ‘टूट जाई राजाजी पलंग सागवान’ पर डांस करती नजर आ रही हैं.
डांडिया नाइट कार्यक्रम का बताया जा रहा वीडियो
जानकारी के अनुसार यह वीडियो राजगंज क्षेत्र में चैती दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम का है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल हुई थीं. सुरक्षा व्यवस्था के तहत मौके पर मौजूद थाना प्रभारी से महिलाओं ने डांस करने का आग्रह किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया. इसके बाद दोनों महिला पुलिसकर्मियों ने मंच के पास डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया.

सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई. कुछ लोग इसे सामान्य और मानवीय व्यवहार बताते हुए सराहना कर रहे हैं, वहीं कई लोग इसे ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता मान रहे हैं.
एसएसपी ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को लाइन क्लोज कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन सर्वोपरि है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
छवि और अनुशासन पर फिर बहस
इस घटना ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों के आचरण, सोशल मीडिया के प्रभाव और ड्यूटी के दौरान व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है. अब यह देखना होगा कि जांच में इस पूरे मामले को किस रूप में देखा जाता है-मनोरंजन या लापरवाही.


