उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के हाड़तोपा पंचायत अंतर्गत मुर्गाघुटू स्थित श्री श्री सार्वजनिक बासंती पूजा पल्ली समिति द्वारा आयोजित बासंती पूजा में अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. गुरुवार को विधि-विधान के साथ अष्टमी पूजा संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक संजीव सरदार ने पूजा पंडाल में माथा टेककर क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. उनके आगमन से आयोजन में उत्साह का माहौल और भी बढ़ गया.
विधायक ने बासंती पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व बसंत ऋतु में मनाया जाने वाला विशेष दुर्गा पूजा है, जिसकी अपनी अलग पहचान है. उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार राजा सुरथ ने सर्वप्रथम वसंत ऋतु में मां दुर्गा की आराधना की थी. यह पर्व शक्ति, ऊर्जा और नवजीवन का प्रतीक है, जो षष्ठी से शुरू होकर दशमी तक चलता है. पूरे क्षेत्र में पूजा के दौरान भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा. कार्यक्रम में विद्यासागर दास, दिवाकर दास, धनपति दास, राजेश दास, जामिनी दास, शक्तिपदो दास, समीरन दास, राहुल दास, पतित पावन दास, विश्वजीत दास, विश्वनाथ नायक, पिंटू नायक, सूरज कुमार दास, शरद दास सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे.


