
उदित वाणी, जमशेदपुर: लौहनगरी में रामनवमी की धूम के बीच मौसम विभाग ने अखाड़ा समितियों और श्रद्धालुओं के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. 27 मार्च से शुरू हो रहा मौसम का बदलाव 28 मार्च को और अधिक प्रभावी हो सकता है, जिससे विसर्जन जुलूस के दौरान बाधा आने की आशंका है.
28 मार्च: बादलों की लुका-छिपी और बूंदाबांदी का अलर्ट
शनिवार, 28 मार्च को जमशेदपुर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक:
• तापमान में गिरावट: दिन भर बादलों की आवाजाही के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 35°C पर आ सकता है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से तो राहत मिलेगी लेकिन उमस (Humidity) बढ़ेगी.
• बारिश के संकेत: शनिवार को दिन के समय हल्की बूंदाबांदी या गरज के साथ बौछारें पड़ने की 15% संभावना है. रात के समय भी आसमान में घने बादल छाए रहेंगे.
• तेज हवाओं का खतरा: 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं जुलूस के ऊंचे झंडों और तोरण द्वारों के लिए चुनौती बन सकती हैं.
वज्रपात का साया: मौसम केंद्र की चेतावनी
रांची मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि 27 और 28 मार्च को पूरे राज्य सहित जमशेदपुर में मेघ गर्जन और वज्रपात की प्रबल संभावना है.
• सुरक्षा प्रोटोकॉल: अखाड़ा समिति बिजली के तारों और ऊंचे पेड़ों से दूरी बनाए रखें.
31 मार्च तक जारी रहेगा असर
मौसम का यह मिजाज केवल शनिवार तक सीमित नहीं है. 29 मार्च को थोड़ी राहत के बाद 30 और 31 मार्च को फिर से तेज हवा और बारिश का अलर्ट है. पिछले 24 घंटों में जमशेदपुर का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा है, जो आने वाले दिनों में बादलों की वजह से थोड़ा कम हो सकता है.

