
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज के स्टाफ क्वार्टर 2 में बीएड विभाग के प्रोफेसर भीम राम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रोफेसर भीम राम लंबे समय से अत्यधिक शराब का सेवन करते थे. इसी कारण उनकी मौत शराब की अधिक मात्रा लेने से होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, उनकी निजी जिंदगी काफी दुखद रही थी. शादी के मात्र तीन महीने बाद ही उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वे अकेले ही क्वार्टर में रह रहे थे. आसपास के लोगों ने यह भी दावा किया है कि उनके आवास में जहरीले सांपों का डेरा रहता था. ऐसे में नशे की हालत में सांप के काटने की संभावना भी जताई जा रही है.
घटनास्थल से उनका मोबाइल फोन पैरों के पास गिरा मिला है, जिससे मामले में रहस्य और गहरा गया है. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

