
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदास भट्टा रोड नंबर-1 में शुक्रवार को एक पारिवारिक विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया. ईद की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने पूरे इलाके का माहौल तनावपूर्ण कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य ईद को लेकर तैयारियों में व्यस्त थे. शुक्रवार को आखिरी जुम्मे की नमाज के बाद आपसी बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते बहस बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. कुछ ही पलों में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लाठी-डंडे चलने लगे और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई.
देखें वीडियो
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा. लोग घरों में दुबक गए और इलाके में भय का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया.
पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. इस घटना ने ईद की खुशियों पर असर डाला है, वहीं क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं.

