
उदित वाणी, जमशेदपुर : जन शिकायत निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से आए 40 से अधिक नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना. इस दौरान लोगों ने स्वास्थ्य उपचार, मंईयां सम्मान योजना का लाभ, प्रधानमंत्री आवास योजना, जमीन विवाद, स्कूल फीस, म्यूटेशन, जमीन पर अवैध कब्जा और एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी समस्याओं समेत विभिन्न जनहित मुद्दों को मांगपत्र के माध्यम से प्रस्तुत किया.
समस्याओं के समाधान के लिए दिए निर्देश
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों को अग्रसारित किया तथा प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस पर प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए.
कई मामलों का मौके पर समाधान
कार्यक्रम के दौरान कई आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को तत्काल राहत मिली. शेष मामलों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
नियमित समीक्षा पर जोर
उपायुक्त ने बताया कि जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभागीय समीक्षा बैठकों में भी इन आवेदनों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि नागरिकों की समस्याओं का समय पर और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके.

