
घाटशिला: व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित बार एसोसिएशन भवन में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सोलर सिस्टम में लगे 10 बड़े बैटरी और सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए। चोरी गई सामग्री की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सुबह खुलासा, अध्यक्ष और महासचिव के उड़े होश
बुधवार सुबह जब बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश शर्मा और महासचिव बबलू मुखर्जी भवन पहुंचे, तो टूटा ताला और सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत घाटशिला थाना को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सीसीटीवी से जुड़े उपकरण (डीवीआर) को जब्त कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि न्यायालय परिसर के पास इस तरह की घटना गंभीर है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
बार एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के पक्ष में बार एसोसिएशन का कोई भी सदस्य न्यायालय में पैरवी नहीं करेगा।
सोलर सिस्टम बंद होने से बढ़ी परेशानी
बताया गया कि बार भवन में पूर्व विधायक रामदास सोरेन द्वारा सोलर प्लेट और सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। बैटरियां चोरी हो जाने से सोलर सिस्टम ठप हो गया है, जिससे गर्मी के मौसम में अधिवक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
जल्द बरामदगी की मांग
बार एसोसिएशन ने पुलिस से मांग की है कि चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाए।

