
जमशेदपुर: कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने मंगलवार को डिमना स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) अस्पताल का सघन निरीक्षण किया. अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं और संसाधनों के कम इस्तेमाल पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने प्रबंधन के साथ हाई-लेवल मीटिंग की और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए ‘डेडलाइन’ तय कर दी.
31 मार्च तक ऑक्सीजन प्लांट और ICU करें दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि ऑक्सीजन की आपूर्ति और आईसीयू सेवाओं में और सुधार की आवश्यकता है. उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल के LMO और PSA प्लांट को हर हाल में 31 मार्च तक पूरी तरह क्रियाशील किया जाए, ताकि पाइपलाइन के माध्यम से मरीजों तक निर्बाध ऑक्सीजन पहुँच सके. साथ ही, सभी आईसीयू को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने का आदेश दिया.
मरीजों को मिलेगी राहत: अप्रैल से खुलेंगे अमृत और जन औषधि केंद्र
दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त ने निर्देशित किया कि अप्रैल माह तक अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी (Amrit Pharmacy) और जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू हो जाए. आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्र मरीजों को प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं देने पर भी जोर दिया गया.
अस्पताल प्रबंधन को अन्य कड़े निर्देश:
• पेयजल समस्या का समाधान: मानगो नगर निगम को समन्वय बनाकर 20 अप्रैल तक अस्पताल में पानी की किल्लत दूर करने को कहा गया.
• एम्बुलेंस और रोस्टर: खराब पड़ी सभी एम्बुलेंस को तुरंत ठीक कराने और सीनियर डॉक्टरों की रोस्टर के अनुसार नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
• प्रमाण पत्र: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने को कहा गया.
• स्वच्छता और वेस्ट: बायो-मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण और पैथोलॉजिकल जांच की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश.
मरीजों से लिया फीडबैक
आयुक्त ने ओपीडी और पंजीकरण काउंटर का जायजा लिया तथा सीधे मरीजों एवं उनके परिजनों से बात की. उन्होंने अनटाइड फंड (Untied Fund) के सही व्यय की समीक्षा की और अधीक्षक को निर्देश दिया कि संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर मरीजों को सुलभ सेवाएं प्रदान की जाएं.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, डीटीओ धनंजय, एमजीएम अधीक्षक डॉ. बलराम झा और डॉ. जुझार माझी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
(एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर न्यूज़, प्रमंडलीय आयुक्त कोल्हान निरीक्षण, रविरंजन कुमार विक्रम आयुक्त, MGM अस्पताल ऑक्सीजन प्लांट, अमृत फार्मेसी एमजीएम जमशेदपुर, स्वास्थ्य सेवा सुधार झारखंड, MGM Hospital Jamshedpur News, Kolhan Divisional Commissioner Visit, MGM Hospital Oxygen Plant Deadline, Amrit Pharmacy MGM Jamshedpur, DC Karn Satyarthi MGM Visit)

