
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में देशभक्ति और शहीदों के सम्मान को समर्पित “अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा” इस वर्ष 22 मार्च 2026 को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ निकाली जाएगी. यह यात्रा अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों लोगों की भागीदारी की उम्मीद है.
ऐतिहासिक होगी इस वर्ष की यात्रा
नमन संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले ने संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष की यात्रा ऐतिहासिक होगी. हजारों कंठ से एक स्वर में “माँ भारती” का जयघोष गूंजेगा और पूरा शहर तिरंगामय नजर आएगा. उन्होंने बताया कि इस यात्रा में हर वर्ग, समुदाय और आयु वर्ग के लोग शामिल होते हैं, जो इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बनाता है.
निर्धारित मार्ग और समय
यात्रा 22 मार्च की सुबह एग्रीको ट्रांसपोर्ट मैदान से प्रारंभ होगी. यह एग्रीको गोलचक्कर, भालूबासा, साकची, वसंत सिनेमा, कालीमाटी रोड होते हुए आर डी टाटा चौक और पुलिस लाइन तक जाएगी. पुलिस लाइन में शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद यात्रा पुनः एग्रीको मैदान में समाप्त होगी.
यात्रा से पूर्व आयोजित होगी सभा
यात्रा शुरू होने से पहले एक संक्षिप्त सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहीद परिवारों और पूर्व सैनिक परिवारों को सम्मानित किया जाएगा. यात्रा के दौरान माँ भारती का रथ आकर्षण का केंद्र रहेगा, वहीं चार विशेष झांकियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम और बलिदानियों से जुड़े दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे.
राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सौहार्द का संदेश
काले ने बताया कि नमन संस्था का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना, राष्ट्रध्वज का सम्मान बढ़ाना और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों की स्मृति को जीवंत रखना है. यह संस्था गैर-राजनीतिक और गैर-सांप्रदायिक भाव से समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बढ़ाने का कार्य करती है.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में देश विरोधी नारों की घटनाओं के विरोध में इस यात्रा की शुरुआत की गई थी, जो अब एक परंपरा बन चुकी है. सामान्यतः यह यात्रा 23 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर निकाली जाती है, लेकिन इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए 22 मार्च को आयोजित की जा रही है.
भव्य आयोजन के लिए बनी समिति
इस वर्ष यात्रा को और भव्य बनाने के लिए शहर के शिक्षाविदों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल कर एक विशेष आयोजन समिति का गठन किया गया है. इसमें हरि बल्लभ सिंह आरसी, मनोरंजन दास, रामाश्रय प्रसाद, ए के श्रीवास्तव, मुरलीधर केडिया, डॉ एस एस रज़ी, शेखर डे, सरदार शैलेन्द्र सिंह, गोविंद दोदराजका, राजेश कुमार शुक्ला सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं.
इसके अलावा पूर्णिमा महतो, कल्याणी शरण, डॉ त्रिपुरा झा, डॉ कैलाशपति डूबे, मानस मिश्रा, प्रभात शर्मा समेत विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग भी समिति का हिस्सा हैं.
शहरवासियों से भागीदारी की अपील
काले ने शहर की मातृशक्ति, युवाओं, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं तथा बुद्धिजीवियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस यात्रा में शामिल होकर इसे सफल और गरिमामय बनाएं. उन्होंने कहा कि यह यात्रा न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि है, बल्कि राष्ट्र एकता और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है.

