
उदित वाणी, रांची : झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना 20 मार्च को सुबह 11 बजे से रांची स्थित स्टेट बार काउंसिल भवन में शुरू होगी. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य के विभिन्न जिलों से बैलेट बॉक्स मंगाकर सुरक्षित रखे गए हैं.
12 मार्च को हुआ था मतदान, 37 बार संघों में चुनाव
गौरतलब है कि इस चुनाव के लिए 12 मार्च 2026 को पूरे राज्य में मतदान कराया गया था. झारखंड के 28 जिलों, 8 तालुका और एक उच्च न्यायालय बार संघ सहित कुल 37 बार संघों में एक साथ चुनाव संपन्न हुआ था.
23 पदों के लिए 100 उम्मीदवार मैदान में
इस बार बार काउंसिल के कुल 25 सदस्य पदों में से 23 पदों के लिए चुनाव हो रहा है. इनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन प्रत्यक्ष मतदान के जरिए किया जाएगा, जबकि 2 महिला सदस्यों का चयन बाद में मनोनयन (को-ऑप्शन) के माध्यम से होगा.
चुनाव मैदान में कुल 100 उम्मीदवार हैं, जिनमें 75 पुरुष और 25 महिला अधिवक्ता शामिल हैं.
जमशेदपुर से कई दिग्गज उम्मीदवार मैदान में
जमशेदपुर से अनिल कुमार तिवारी, प्रकाश झा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश दास, कुमार राजेश रंजन, राजेश जायसवाल, हमीद राजा, मो. आफताब आलम खान और राजेश कुमार शुक्ला प्रमुख रूप से चुनाव मैदान में हैं.
वहीं महिला उम्मीदवारों में विनीता सिंह, रंजना कुमारी और शिल्पी प्रसाद भी अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं.
मतदान प्रतिशत ने बढ़ाई दिलचस्पी
जमशेदपुर जिला बार संघ में कुल 2212 मतदाताओं में से 1473 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वहीं सरायकेला अधिवक्ता संघ में 164 अधिवक्ताओं ने मतदान किया, जो लगभग 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
20 मार्च को तय होगी किस्मत
अब सभी उम्मीदवारों की निगाहें 20 मार्च को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं. मतगणना के बाद झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नए सदस्यों की तस्वीर साफ हो जाएगी.
(Jharkhand State Bar Council election 2026, Ranchi counting 20 March, Bar Council election Jharkhand candidates, Jamshedpur advocates election, Jharkhand Bar election results, advocate voting Jharkhand)

